ईद मिलाद-उन-नबी पर जमशेदपुर में निकला भव्य जुलूस, अमन-भाईचारे का दिया संदेश

Spread the love


जमशेदपुर : ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर बुधवार को जमशेदपुर शहर में श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ भव्य जुलूस निकाला गया। गांधी मैदान से शुरू हुआ यह जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए आमबागान की ओर बढ़ा। जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भाग लिया और पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की आमद की खुशी में नारे लगाए।
जुलूस की अगुवाई उलेमा-ए-किराम और समाज के वरिष्ठ लोगों ने की। उनके पीछे हजारों की संख्या में श्रद्धालु पैदल चल रहे थे। वहीं, बाइक, चारपहिया वाहनों और ट्रकों पर सवार लोग भी इस धार्मिक आयोजन में शामिल हुए। पूरे मार्ग में “सरकार की आमद मरहबा” और “नारे-ए-तकबीर” के नारों से माहौल गूंजता रहा।
जुलूस के दौरान लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागियों ने पैगंबर-ए-इस्लाम के बताए मार्ग पर चलने, मानवता की सेवा करने तथा समाज में प्रेम और सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। कई स्थानों पर जुलूस का स्वागत किया गया और श्रद्धालुओं के लिए पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाएं भी की गईं।
ईद मिलाद-उन-नबी के इस अवसर पर शहर में सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रशासन और पुलिस बल के जवान जुलूस मार्ग पर तैनात रहे ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
धार्मिक उल्लास और भाईचारे के माहौल के बीच निकला यह जुलूस शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। आयोजन के माध्यम से अमन, एकता और इंसानियत का संदेश लोगों तक पहुंचाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *