
एमएमडीआर संशोधन विधेयक और राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर कांग्रेस का आंदोलन, 27 अगस्त को उपायुक्त कार्यालय पर होगा धरना
जमशेदपुर: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर मंगलवार को बिष्टूपुर स्थित तिलक पुस्तकालय में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने की। इस दौरान पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता बन्ना गुप्ता का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बन्ना गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए एमएमडीआर (खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक-2026 तथा अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं के खिलाफ कांग्रेस पार्टी राष्ट्रव्यापी आंदोलन चलाएगी। उन्होंने बताया कि आंदोलन के पहले चरण में 27 अगस्त 2026 को जमशेदपुर उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन उपायुक्त के माध्यम से सौंपा जाएगा। इसके बाद 7 सितंबर को रांची स्थित राजभवन के समक्ष राज्यस्तरीय महाधरना आयोजित होगा, जबकि 9 से 16 सितंबर तक प्रखंड मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम चलाया जाएगा।
बन्ना गुप्ता ने एमएमडीआर संशोधन विधेयक को झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों पर राज्य के अधिकारों को कमजोर करने वाला कदम बताते हुए इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा ने देश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, लेकिन इसके बदले राज्य को विस्थापन, प्रदूषण और बेरोजगारी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा है। इसलिए खनिज संसाधनों के उपयोग में झारखंडवासियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
उन्होंने मांग की कि खनिज संसाधनों पर राज्य का अधिकार सुरक्षित रखा जाए, स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता मिले, पर्यावरण और आदिवासी-मूलवासी समुदायों के अधिकारों की रक्षा हो तथा संघीय ढांचे का सम्मान करते हुए राज्यों की भूमिका को कमजोर न किया जाए।
राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर कांग्रेस ने चढ़ावे की राशि, सोना-चांदी और अन्य बहुमूल्य वस्तुओं का स्वतंत्र ऑडिट कराने, सीसीटीवी फुटेज की जांच, वित्तीय लेनदेन में पारदर्शिता तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बन्ना गुप्ता ने कहा कि यह मामला किसी धर्म या आस्था का नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं के विश्वास और पारदर्शिता से जुड़ा विषय है।
जिला कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने सभी कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, मंच-मोर्चा के सदस्यों तथा आम नागरिकों से 27 अगस्त के धरना-प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की।