मोबाइल चोरी के आरोप में युवक को पोल से बांधकर पीटा, पुलिस के देर से पहुंचने पर लोगों में नाराजगी

Spread the love


गुमला सदर प्रखंड के हरिओम कॉलोनी में मंगलवार सुबह मोबाइल चोरी के आरोप में एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर बिजली के पोल से बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बिंदु देवी के घर से एक युवक मोबाइल चोरी कर भागने की कोशिश कर रहा था। स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ गई और पीछा कर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया गया। युवक के पकड़े जाने के बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उसे रस्सी से बिजली के खंभे में बांधकर पीटा गया।
पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम पीयूष कुमार बताया, जो जवाहर नगर का निवासी है। उसने लोगों के सामने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी की गुहार लगाई और कहा कि उससे पहली बार ऐसी गलती हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में मोबाइल चोरी और अन्य चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उनका आरोप है कि कुछ लोग बहाने से घरों में पहुंचते हैं और मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं। बंद पड़े मकानों को भी निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं।
घटना की सूचना पुलिस को दिए जाने की बात भी सामने आई है, लेकिन लोगों के अनुसार काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। कई घंटे इंतजार के बाद ग्रामीणों ने युवक को छोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि समय रहते पुलिस नहीं पहुंचती है तो ऐसी परिस्थितियों में कोई बड़ी अप्रिय घटना भी हो सकती है।
फिलहाल घटना को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *