बागबेड़ा में गोल्डन ज्वैलर्स की दुकान में चोरी, लाखों के गहने ले उड़े चोर

Spread the love


जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ज्वैलरी दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी कर ली। घटना बागबेड़ा स्थित गोल्डन ज्वैलर्स की है, जहां चोर देर रात शटर का ताला तोड़कर दुकान के अंदर घुस गए और करीब 5 से 6 लाख रुपये मूल्य के आभूषण लेकर फरार हो गए।
गुरुवार सुबह जब दुकान मालिक अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ पाया। अंदर जाकर जांच करने पर दुकान से सोने-चांदी के कई कीमती आभूषण गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल बागबेड़ा पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के अनुसार चोरी की घटना रात करीब 3 बजे हुई।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और उसमें दिखाई दे रहे संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है और उन्होंने क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *