सरायकेला पुलिस को बड़ी सफलता, नक्सलियों के ठिकाने से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद

Spread the love

सरायकेला: नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरायकेला- खरसावां पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने गिरफ्तार भाकपा माओवादी संगठन के सदस्यों से पूछताछ के बाद उनके निशानदेही पर कुचाई और चांडिल थाना क्षेत्र के जंगलों से हथियार, गोली और अन्य सामग्री बरामद की है. गौरतलब है कि गिरफ्तार भाकपा माओवादी संगठन के सदस्यों में रघु सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार उर्फ बिरेन सिंह उर्फ सागर जो भाकपा माओवादी संगठन की रीजनल कमेटी का सदस्य और पश्चिम बंगाल झारखंड उड़ीसा सीमा कमेटी का सदस्य था. इसके अलावा भाकपा माओवादी संगठन की सब जोनल कमांडर मीना पहाड़िया उर्फ नेपू पहाड़िया, उम्र करीब 26 वर्ष, को भी गिरफ्तार किया था. पुलिस के अनुसार मीना पहाड़िया के खिलाफ पश्चिम बंगाल के बलरामपुर थाना क्षेत्र में मामला दर्ज है और न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त कर पूछताछ की गई. पुलिस के मुताबिक दोनों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर कुचाई थाना क्षेत्र के सिकरम्बा जंगल तथा चांडिल थाना क्षेत्र के ग्राम आसनबनी के ऊपर स्थित दलमा जंगल में छापेमारी कर नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई. सरायकेला पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार बरामद सामान में .303 की दो राइफल, .303 राइफल की तीन मैगजीन, .303 राइफल के आठ कारतूस, एक देसी पिस्टल, 5.56 एमएम इंसास राइफल, 7.62 एमएम एसएलआर राइफल, एसएलआर की तीन मैगजीन, 5.56 एमएम इंसास राइफल की चार मैगजीन शामिल हैं. इसके अलावा 7.62 एमएम की 171 जिंदा गोलियां, 5.56 एमएम की 126 जिंदा गोलियां, 9 एमएम की एक देसी पिस्टल, 9 एमएम की 12 जिंदा गोलियां और 9 एमएम देसी पिस्टल की दो मैगजीन भी बरामद की गई हैं. पुलिस ने एक आईईडी एवं डिटोनेटर भी बरामद किया है, जिसे बीडीएस टीम द्वारा निष्क्रिय किया गया है. हथियारों की बरामदगी में सरायकेला- खरसावां पुलिस और 26वीं वाहिनी एसएसबी रांची की टीम ने संयुक्त अभियान चलाया. अभियान में कुचाई, चांडिल, नीमडीह और सरायकेला थाना की पुलिस टीमों के साथ एसएसबी के जवान शामिल रहे. पुलिस अधीक्षक के अनुसार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है. गिरफ्तार नक्सलियों से पूछताछ के आधार पर आगे भी कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *