
पूर्वी सिंहभूम: देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और सरकारी संपत्तियों के कथित निजीकरण के विरोध में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) ने देशव्यापी आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में 8 जुलाई 2026 को पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा क्षेत्र से CPI की पदयात्रा का शुभारंभ किया गया।
पदयात्रा की शुरुआत बहरागोड़ा के आरंग गांव से की गई। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी शामिल हुए। पदयात्रा के माध्यम से लोगों को केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ लामबंद करने और आगामी आंदोलन के लिए जागरूक करने का प्रयास किया गया।
CPI की ओर से आगामी 1 सितंबर को “दिल्ली चलो” का आह्वान किया गया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी तथा सरकारी संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपे जाने के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा। इसी अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में पदयात्रा और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में CPI के जिला सचिव अम्बुज कुमार ठाकुर, भुवनेश्वर तिवारी, धनंजय शुक्ला, बहरागोड़ा लोकल काउंसिल के सचिव राम हारी वेरा और सुबल दास सहित पार्टी के कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
पार्टी नेताओं ने कहा कि पदयात्रा के जरिए गांव-गांव पहुंचकर आम लोगों की समस्याओं को समझने के साथ उन्हें आंदोलन से जोड़ने का काम किया जाएगा। नेताओं ने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से 1 सितंबर के दिल्ली चलो कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अभी से तैयारी में जुटने की अपील की।