
देवघर: सावन माह की पहली सोमवारी के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देर रात से ही देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे लाखों कांवरिया और श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर, प्रवेश और निकास मार्गों सहित प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल, दंडाधिकारी एवं सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और आपातकालीन सेवाओं की भी विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं पूरे व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। अधिकारी लगातार मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं तथा सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित कतार व्यवस्था का पालन करने, अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पहली सोमवारी को लेकर पूरे देवघर में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सतर्क और चाक-चौबंद दिखाई दी।