जमशेदपुर में युवक को मारी गई गोली, गंभीर हालत में TMH में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी

Spread the love


जमशेदपुर के बर्मा माइंस थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मुस्लिम बस्ती के पास स्थित कंटेनर यार्ड के समीप अज्ञात अपराधियों ने आफताब खान नामक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने तीन राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें आफताब खान गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही बर्मा माइंस थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
प्रारंभिक जांच में फायरिंग के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आपसी रंजिश समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। वहीं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी शुरू कर दी गई है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से बर्मा माइंस क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *