
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने खनिज तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए बहरागोड़ा बस स्टैंड के समीप छापेमारी कर करीब 1.095 किलोग्राम (1095 ग्राम) पन्ना के साथ तीन अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद पन्ना की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई से पुलिस ने एक बड़े तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश होने की संभावना जताई है। मामले की जानकारी रविवार को ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने प्रेसवार्ता के दौरान दी।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर बहरागोड़ा बस स्टैंड के आसपास भारी मात्रा में पन्ना की खरीद-बिक्री करने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए घाटशिला एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से बस स्टैंड के आसपास घेराबंदी कर संदिग्ध लोगों की निगरानी शुरू कर दी।
इसी दौरान दो अलग-अलग दोपहिया वाहनों पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। पुलिस को देखते ही तीनों भागने लगे, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उनका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान एक यामाहा स्कूटी की डिक्की से प्लास्टिक में पैक किया गया 1.095 किलोग्राम पन्ना बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय पातर (50 वर्ष) और सिद्धेश्वर कालिन्दी (45 वर्ष), दोनों निवासी मुराकाटी, थाना गुड़ाबांदा तथा स्नेहाशिष मंगराज (44 वर्ष), निवासी खांड़देवली, थाना श्यामसुंदरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन, झारखंड और ओडिशा नंबर की दो मोटरसाइकिल तथा 2300 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद पन्ना कहां से लाया गया था, इसे किसे सप्लाई किया जाना था और इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। पुलिस का मानना है कि पूछताछ के दौरान इस अवैध कारोबार से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं तथा पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी गई है।