टाटानगर के खास महल में बड़ा हादसा टला, बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में पेड़ से टकराया ट्रक

Spread the love


जमशेदपुर: टाटानगर के खास महल क्षेत्र में शनिवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार से गुजर रहा ट्रक अचानक सामने आए दो बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक पेड़ से जा टकराया। हादसा इतना जोरदार था कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि समय रहते चालक की सूझबूझ और किस्मत के साथ देने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या JH05DL 3966 शनिवार सुबह करीब चार बजे खास महल इलाके से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक दो बाइक सवार ट्रक के सामने आ गए। उन्हें बचाने के लिए चालक ने ट्रक का संतुलन मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के बीच स्थित पेड़ से जा भिड़ा। दुर्घटना में ट्रक चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि बाइक सवार सुरक्षित बच निकले।
घटना की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया तथा दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने के लिए क्रेन मंगाई। अधिकारियों के अनुसार ट्रक को सड़क से हटाने का कार्य जारी है।
पुलिस ने बताया कि हादसे के बावजूद यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई और वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी रही। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और अचानक सामने आए बाइक सवारों को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *