हिमांशु सिंह हत्याकांड: मुख्य आरोपी राहुल दुबे ने बिष्टुपुर थाना में किया सरेंडर, पुलिस ने हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ

Spread the love


जमशेदपुर की चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। मामले के मुख्य नामजद आरोपियों में शामिल राहुल दुबे ने शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे बिष्टुपुर थाना पहुंचकर पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसने थाना परिसर में हाथ ऊपर कर फिल्मी अंदाज में आत्मसमर्पण किया।
बताया जा रहा है कि पुलिस लगातार राहुल दुबे की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। इसी बीच उसने स्वयं थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। सरेंडर के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, उससे हत्या की साजिश, घटना में शामिल अन्य आरोपियों और वारदात से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर पुलिस अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले में विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस अब तक बार संचालक नीरज सिंह समेत 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। राहुल दुबे के सरेंडर को जांच में एक अहम कड़ी माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *