
सरायकेला जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र के तमोलिया केला गोदाम के समीप गुरुवार को गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई. जहां हिस्ट्रीशीटर अपराधी जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन ने काना बाबू नामक युवक को गोली मार दी. गनीमत रही कि गोली काना बाबू के पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे उसकी जान बच गई. घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा- तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर कपाली ओपी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल काना बाबू को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है. इधर वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन मौके से फरार हो गया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे आपसी रंजिश समेत अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा.