मुसाबनी में अवैध शराब की बड़ी खेप जब्त, टाटा मैजिक सहित दो गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी

Spread the love


जमशेदपुर/मुसाबनी, 9 जुलाई: पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक टाटा मैजिक वाहन को जब्त किया गया तथा वाहन चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मामले में वाहन मालिक समेत अन्य आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ग्रामीण एसपी शुभम खंडवाल ने बताया कि 8 जुलाई की मध्य रात्रि गुप्त सूचना मिली थी कि लाल रंग की एक टाटा मैजिक वाहन से अवैध शराब की बड़ी खेप मुसाबनी क्षेत्र में खपाने के उद्देश्य से लाई जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर मुसाबनी थाना पुलिस ने जादूगोड़ा-मुसाबनी मुख्य मार्ग पर एचसीएल कंपनी के प्रशिक्षण भवन के सामने सघन वाहन जांच अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध टाटा मैजिक (रजिस्ट्रेशन संख्या JH05BN2155) को रोककर तलाशी ली गई। जांच में वाहन से 25 कार्टन में पैक 300 बोतल किंगफिशर बीयर तथा एक कार्टन में 12 बोतल 8 पीएम प्रीमियम ब्लैक एलीट व्हिस्की बरामद की गई। बरामद शराब को पुलिस ने तत्काल जब्त कर लिया।
वाहन चालक जानूम सिंह सुंडी (25 वर्ष) तथा खलासी की सोमा पूर्ति (30 वर्ष) पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि शराब की खेप जादूगोड़ा के माटीगोड़ा स्थित शराब दुकान से लेकर पुरुलिया स्थित बुधराम बेसरा के घर पहुंचाई जानी थी, जहां इसकी अवैध बिक्री की योजना थी। जांच में यह भी सामने आया कि जब्त टाटा मैजिक वाहन भी बुधराम बेसरा का ही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वाहन मालिक बुधराम बेसरा की तलाश की जा रही है। इस संबंध में मुसाबनी थाना कांड संख्या 23/2026 दिनांक 9 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 274/275 तथा 47(ए) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *