प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या से दहला मानगो, गोली और धारदार हथियार से हमला, इलाके में फैली सनसनी

Spread the love


जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड स्थित इलाके में बुधवार को प्रेम प्रसंग को लेकर हुई खूनी वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दिनदहाड़े एक युवक पर गोली और धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान राहुल के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राहुल और शब्बे नामक युवक के बीच काफी समय से एक युवती से बातचीत को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों एक ही युवती के संपर्क में थे, जिससे दोनों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा था। इसी रंजिश ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राहुल जैसे ही गुरुद्वारा रोड पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे शब्बे ने अपने 10 से 15 साथियों के साथ उसे घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने धारदार हथियारों से राहुल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के दौरान उसे गोली भी मार दी गई। अचानक हुई इस वारदात से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल राहुल को तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल में भारी भीड़ जुट गई।
इधर सूचना मिलने पर मानगो थाना पुलिस घटनास्थल और अस्पताल पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस सनसनीखेज हत्या ने मानगो क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *