24 घंटे में चेन स्नैचिंग का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, साथी फरार

Spread the love

जमशेदपुर पुलिस ने टेल्को थाना क्षेत्र में महिला से सोने की चेन छिनतई मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अब भी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। आरोपी के पास से छीनी गई सोने जैसी चेन के दो टुकड़े और चोरी की स्प्लेंडर बाइक भी बरामद की गई है। बीते 7 जुलाई को टेल्को घड़ी पार्क के पास स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए थे। घटना के बाद टेल्को थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इसी दौरान हुडको टेस्टिंग यार्ड के पास जांच के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान गोविंदपुर निवासी 25 वर्षीय विक्रम हो के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से दो टुकड़ों में टूटी हुई सोने जैसी चेन और चोरी की स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी रोहित उर्फ रोहन उर्फ चिंडी के साथ मिलकर महिला से चेन छिनतई की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपी ने यह भी बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई बाइक उसी दिन सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह से चोरी की गई थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस के मुताबिक विक्रम हो के खिलाफ पूर्वी सिंहभूम और पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में चोरी, चेन छिनतई और अन्य आपराधिक मामलों के करीब 10 मामले पहले से दर्ज हैं।

बाईट —- ललित मीणा ( सिटी एसपी, जमशेदपुर)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *