
सरायकेला: जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी मंगलवार को स्वयं बाइक पर सवार होकर आदित्यपुर थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने थाना प्रभारी अंजनी कुमार, टाइगर मोबाइल के जवानों तथा पुलिस बल के साथ मोटरसाइकिल गश्ती कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। गश्ती के दौरान संभावित अपराध स्थलों का भौतिक सत्यापन किया गया और विभिन्न इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि अपराध संभावित क्षेत्रों में पुलिस की नियमित और सक्रिय मौजूदगी से अपराधियों में कानून का भय बना रहता है। उन्होंने कहा कि बाइक पेट्रोलिंग का मुख्य उद्देश्य त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना है।
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में किसी भी कीमत पर अपराधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा। ड्रग्स तस्करी, छेड़खानी, असामाजिक गतिविधियों तथा संगठित अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को नियमित गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनकी निगरानी करने तथा पुराने हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए इस तरह के विशेष गश्ती अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। पुलिस की इस सक्रिय पहल से अपराध पर अंकुश लगाने के साथ-साथ लोगों में सुरक्षा की भावना और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।