
जमशेदपुर: जमशेदपुर अभिभावक संघ ने मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन करते हुए सोनारी स्थित आरएमएस हाई स्कूल प्रबंधन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। संघ ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत नामांकित आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की छात्रा से कक्षा 9 में प्रवेश के बाद फीस की मांग कर रहा है, जो कानून के प्रावधानों का उल्लंघन है।
अभिभावक संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि सोनारी की छात्रा चांदनी कुमारी का आरएमएस हाई स्कूल में आरटीई अधिनियम, 2009 की धारा 12(1)(सी) के तहत प्रवेश हुआ था। छात्रा ने सत्र 2025-26 में कक्षा 8 उत्तीर्ण कर अब सत्र 2026-27 में कक्षा 9 में प्रवेश लिया है। आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन लगातार उससे स्कूल फीस जमा करने का दबाव बना रहा है। फीस जमा नहीं होने के कारण परीक्षा से संबंधित प्रक्रिया भी प्रभावित की गई है।
संघ ने बताया कि छात्रा की मां घरेलू कामकाज कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उन्होंने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए स्कूल प्रबंधन से फीस में राहत देने का अनुरोध किया, लेकिन विद्यालय प्रबंधन पूरी फीस लेने की मांग पर अड़ा हुआ है।
प्रदर्शन के दौरान अभिभावक संघ ने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति और शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अनुसार आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को कक्षा 12 तक निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इसके बावजूद शहर के कई निजी विद्यालय इन प्रावधानों का पालन नहीं कर रहे हैं।
अभिभावक संघ ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि आरएमएस हाई स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिया जाए कि चांदनी कुमारी की पढ़ाई बिना किसी शुल्क के कक्षा 12 तक जारी रखी जाए। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अन्य विद्यार्थियों के अधिकारों की भी रक्षा सुनिश्चित की जाए। संघ ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।