फिल्मी स्टाइल में छतों पर भागा वारंटी अभिषेक कुमार, तीन थानों की पुलिस ने दबोचा

Spread the love

जमशेदपुर: शहर के कुख्यात वारंटी अभिषेक कुमार को गिरफ्तार करने के लिए सोमवार सुबह पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के नीतिबाग कॉलोनी में सीतारामडेरा, गोविंदपुर और सिदगोड़ा थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर उसे गिरफ्तार किया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि लंबे समय से फरार चल रहा अभिषेक कुमार अपने नीतिबाग स्थित घर में मौजूद है। सूचना के आधार पर तीनों थानों की पुलिस ने सुबह इलाके की घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखते ही अभिषेक फिल्मी अंदाज में एक मकान की छत से दूसरे मकान की छत पर कूदकर भागने लगा। कुछ देर तक पुलिस और आरोपी के बीच छतों पर पीछा चलता रहा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हालांकि पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर आखिरकार उसे पकड़ लिया। भागने के दौरान अभिषेक को चोट भी आई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे इलाज के लिए ले गई और फिर थाना लाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

पुलिस के अनुसार अभिषेक कुमार के खिलाफ जमशेदपुर शहर के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। सोमवार की कार्रवाई में पुलिस को आखिरकार उसे गिरफ्तार करने में सफलता मिल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *