जमशेदपुर कसीडीह हाई स्कूल में वन महोत्सव का आयोजन, विद्यार्थियों व अभिभावकों ने किया पौधारोपण

Spread the love


जमशेदपुर: कसीडीह हाई स्कूल (जेम फाउंडेशन की इकाई) के प्राइमरी विंग (एलकेजी से कक्षा पांच तक) की ओर से सोमवार को विद्यालय परिसर में उत्साह और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा पौधारोपण कर हरित वातावरण बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत वन महोत्सव के महत्व पर आधारित एक आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति से हुई, जिसे विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जूनियर कोऑर्डिनेटर रीता मिश्रा कार्यक्रम की कोऑर्डिनेटर दुबे सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद रहे।
वन महोत्सव के तहत विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग गतिविधियों का आयोजन किया गया। एलकेजी एवं यूकेजी के नन्हे बच्चों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर सभी का मन मोह लिया। कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों के अभिभावकों ने विद्यालय परिसर में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं कक्षा तीन के विद्यार्थियों ने स्वयं पौधारोपण कर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।
कक्षा चार और पांच के विद्यार्थियों ने पॉट पेंटिंग, आर्ट एंड क्राफ्ट तथा विभिन्न फूलों के चित्र बनाकर उनकी विशेषताओं को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। बच्चों की कलात्मक प्रतिभा और पर्यावरण के प्रति उनकी जागरूकता कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही।
कार्यक्रम की कोऑर्डिनेटर संगीता दुबे ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की सुरक्षा ही नहीं करते, बल्कि मानव जीवन के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। बच्चों को प्रकृति के संरक्षण और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन मुख्य प्रभारी संगीता दुबे के नेतृत्व में प्राइमरी विभाग के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं सहकर्मियों ने किया। आकर्षक सजावट, बेहतर समन्वय और सभी की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम सफल रहा। अंत में सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने पौधारोपण कर हरित, स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण के निर्माण तथा उसकी रक्षा का सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *