साकची के शालीमार मार्केट में दिनदहाड़े रंगदारी को लेकर चाकूबाजी, तीन घायल; पिस्टल लेकर दोबारा लौटे बदमाश

Spread the love


जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र स्थित शालीमार मार्केट में सोमवार दोपहर रंगदारी को लेकर हुई चाकूबाजी की घटना से पूरे बाजार में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। होटल कलकत्तिया के सामने हुई इस वारदात में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पुलिस के मौके से लौटने के कुछ देर बाद ही आरोपी दोबारा पिस्टल लेकर बाजार पहुंचे और दुकानदारों को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुलेट बाइक पर सवार तीन युवक एक पान दुकान पर पहुंचे और गुटखा व सिगरेट लेने के बाद दुकानदार से ₹500 की रंगदारी की मांग करने लगे। दुकानदार द्वारा विरोध किए जाने पर आसपास के लोग वहां जुट गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया।
हमले में मिनादुल हक, एमडी ताज और एमडी अब्दुल मस्जिद गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि पुलिस के जाने के कुछ देर बाद ही आरोपी फिर से बाजार में पहुंचे। इस बार उनके हाथ में पिस्टल थी। बदमाशों ने दुकानदारों को धमकाया और पूरे इलाके में दहशत फैलाकर फरार हो गए।
घटना के बाद शालीमार मार्केट के व्यापारियों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस वारदात और अपराधियों के दोबारा लौटने से कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, बाजार में नियमित पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।
फिलहाल साकची थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घटना का मुख्य कारण रंगदारी की मांग माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *