
जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में हजरत मुहम्मद के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है। पी.बी. रोड, जुगसलाई निवासी नीलुफर हुसैन ने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपते हुए नाज़िया इलाही के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में कहा गया है कि नाज़िया इलाही द्वारा हजरत मुहम्मद की शान में कथित रूप से अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि यदि ये कथन सत्य और प्रमाणित पाए जाते हैं, तो इससे करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तथा समाज में तनाव, वैमनस्य और कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है।
शिकायतकर्ता ने अपने आवेदन में कहा है कि यह मामला केवल एक समुदाय की धार्मिक भावनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की शांति, सामाजिक सौहार्द और कानून के सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से उपलब्ध साक्ष्यों की निष्पक्ष और त्वरित जांच कराने का अनुरोध किया है।
आवेदन में यह भी मांग की गई है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय कानून की लागू धाराओं के तहत तत्काल एफआईआर दर्ज कर विधिसम्मत एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
नीलुफर हुसैन ने विश्वास जताया है कि जुगसलाई थाना इस मामले में निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई करेगा, जिससे समाज में कानून के प्रति लोगों का विश्वास बना रहेगा और भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी भी धर्म या उसके पूजनीय व्यक्तित्व के विरुद्ध कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने से पहले कानून का भय महसूस करेगा।
फिलहाल पुलिस की ओर से शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच और आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

