
सरायकेला थाना क्षेत्र के कोलाबिरा में सोमवार तड़के तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और वरीय प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए. जानकारी के अनुसार, हाथीटांड़ निवासी शंभू चरण महतो कदमा से दुगनी की ओर दवा लेने जा रहे थे. उनके साथ रापचा निवासी फुलसरी महतो बाइक पर सवार थीं. कोलाबिरा के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में फुलसरी महतो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शंभू चरण महतो घायल हो गए. हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया. हालांकि स्थानीय लोगों और राहगीरों ने पीछा कर वाहन को दुगनी क्षेत्र में पकड़ लिया. सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. घटना से नाराज ग्रामीणों ने शव उठाने से इनकार करते हुए सड़क जाम कर दिया. उनका कहना है कि जिले में भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार सड़क हादसों का कारण बन रही है, लेकिन प्रशासन प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है. ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा, दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण सुनिश्चित करने की मांग की. समाचार लिखे जाने तक शव घटनास्थल पर ही रखा हुआ था और पुलिस ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही थी. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया.