
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट यूजी) को लेकर रविवार को जमशेदपुर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा। परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कड़ी जांच के बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया।
शहर के छह शिक्षण संस्थानों में कुल आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4,231 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होगी। अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई है। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
नीट यूजी परीक्षा के लिए लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल कॉलेज करनडीह, को-ऑपरेटिव कॉलेज, जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी, द ग्रेजुएट कॉलेज फॉर वीमेंस, राजकीय आदिवासी उच्च विद्यालय सीतारामडेरा तथा एबीएम कॉलेज गोलमुरी में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आठ केंद्रों पर दंडाधिकारियों (मजिस्ट्रेट) की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं। जिला प्रशासन लगातार परीक्षा केंद्रों की निगरानी कर रहा है ताकि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।