जमशेदपुर में चेन स्नैचरों का आतंक जारी, सिदगोड़ा में मॉर्निंग वॉक कर रही महिला से सोने की चेन झपटी

Spread the love

जमशेदपुर में चेन छीनतई गिरोह का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार चेन छीनतई की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों, खासकर मॉर्निंग वॉक करने वाली महिलाओं और बुजुर्गों में दहशत का माहौल है। हाल ही में पुलिस ने चेन छीनतई गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और सामान की बरामदगी के दौरान देर रात एक आरोपी ने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी थी। घायल आरोपी का इलाज फिलहाल एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।इधर, ताजा मामला सिदगोड़ा थाना क्षेत्र का सामने आया है। रविवार सुबह सूर्य मंदिर के पास मॉर्निंग वॉक कर रही रीना मिश्रा से बाइक सवार अपराधियों ने गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़िता और स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन फुटेज में अपराधियों की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी।घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ अपराधियों की पहचान करने में जुटी हुई है। लगातार हो रही छीनतई की घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।शहर में सक्रिय चेन छीनतई गिरोह आए दिन पुलिस को चुनौती दे रहा है। ऐसे में अब लोगों की नजरें पुलिस पर टिकी हैं कि आखिर कब तक इस गिरोह का पूरी तरह पर्दाफाश कर अपराधियों पर लगाम लगाई जा सकेगी। लगातार बढ़ती घटनाओं से नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *