
जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र से छिनतई की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। शंकरपुर में एक महिला से पर्स छीनकर भाग रहे युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
परसुडीह थाना क्षेत्र के शंकरपुर स्थित विद्यासागर पाली मेन रोड पर बुधवार शाम एक महिला से पर्स छिनतई की घटना सामने आई। पीड़िता सुनीता वर्मा, जो शंकरपुर गोबरा टोला की रहने वाली हैं, ने बताया कि वह अपने घर से विद्यासागर पाली की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए एक युवक ने उनका पर्स छीन लिया और मौके से भाग निकला।
महिला ने आरोपी की पहचान शंकरपुर निवासी सूरज श्रीवास्तव उर्फ मार्कण्डेय के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग सक्रिय हुए और गांधी मैदान के पास आरोपी को पकड़ लिया। आरोप है कि तलाशी के दौरान महिला का मोबाइल भी आरोपी के पास से बरामद हुआ।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने आरोपी की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपने साथ थाने ले गई।
पीड़िता सुनीता वर्मा का कहना है कि आरोपी ने सिर पर टोपी पहन रखी थी और चेहरा आंशिक रूप से ढका हुआ था। सुनसान जगह मिलते ही उसने झपट्टा मारकर उनका बैग छीन लिया। बैग में एक रियलमी मोबाइल फोन, दो हजार रुपये नकद और घर की चाबी रखी हुई थी।
वहीं, झामुमो के मध्य सरजमदा पंचायत अध्यक्ष विमल पाल ने आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है। उनका कहना है कि पूर्व में उनकी गाड़ी जलाने के मामले में भी आरोपी के खिलाफ परसुडीह थाने में मामला दर्ज कराया गया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी नशे का आदी है और पहले भी चोरी जैसी घटनाओं में उसका नाम सामने आ चुका है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस की जांच के बाद ही इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।