भालूबासा में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, कोर्ट के आदेश पर 6 दुकानें ध्वस्त

Spread the love

जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भालूबासा गोलचक्कर के पास गुरुवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) और जुस्को की संयुक्त टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से छह अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में काफी संख्या में लोग मौजूद रहे और कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति भी बनी रही।

जानकारी के अनुसार, भालूबासा गोलचक्कर के समीप रहने वाले अजय नाथ ने वर्ष 2024 में अपने घर के सामने संचालित हो रही दुकानों को लेकर अदालत में मामला दायर किया था। उनका आरोप था कि सरकारी जमीन पर अवैध रूप से दुकानें बनाकर अतिक्रमण किया गया है, जिससे उन्हें परेशानी हो रही है। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने अजय नाथ के पक्ष में फैसला सुनाया और अवैध निर्माण हटाने का आदेश दिया।

कोर्ट के निर्देश के बाद गुरुवार को जेएनएसी और जुस्को की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। जेसीबी की सहायता से एक-एक कर सभी दुकानों को तोड़ दिया गया।

कार्रवाई के दौरान दुकानदारों ने विरोध जताने का प्रयास किया, लेकिन प्रशासन ने अदालत के आदेश का हवाला देते हुए अभियान जारी रखा। जिन लोगों की दुकानें हटाई गईं, उनमें आशीष कुमार सोनकर, हरे कृष्णा पुथल, मनोज कुमार, संजय कुमार, शीतल और आरती शामिल हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अदालत के आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई है और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *