
जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के देबुन बागान चौक के पास रविवार देर रात फायरिंग की घटना में एक युवक घायल हो गया। घायल की पहचान टाटा लाइन निवासी दीपक झा के रूप में हुई है। गोली उसके दाहिने पैर में लगी है। घटना के बाद उसे तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घायल दीपक झा ने बताया कि वह पहले एक निजी कंपनी में कार्यरत था और सोमवार को इंटरव्यू के सिलसिले में कोलकाता जाने वाला था। रविवार रात वह मिठाई लेने के लिए गोलमुरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान देबुन बागान चौक के पास कुछ युवक आपस में विवाद कर रहे थे। तभी अचानक फायरिंग हुई और एक गोली उसके पैर में आकर लग गई, जिससे वह घायल हो गया।
घटना के बाद दीपक ने अपने एक परिचित को फोन कर बुलाया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए टीएमएच पहुंचाया गया। अस्पताल में जांच के दौरान गोली लगने की पुष्टि हुई।
सूचना मिलने पर गोलमुरी थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि फायरिंग किसने और किस कारण से की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
