
जामताड़ा: साइबर अपराध पर लगातार शिकंजा कस रही जामताड़ा पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के तेतुलबंधा गांव स्थित सुनसान झाड़ी क्षेत्र में छापेमारी कर तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में गठित छापामारी दल ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को मौके से दबोच लिया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान महेन्द्र कुमार मंडल (28 वर्ष), टिंकु कुमार मंडल (26 वर्ष) तथा विकास कुमार मंडल (24 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी करमाटांड़ थाना क्षेत्र के धरूवाडीह गांव के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से 7 मोबाइल फोन और 9 सिम कार्ड बरामद किए हैं। मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 34/26 दर्ज कर विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी शम्भू कुमार सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार साइबर अपराधी बैंक ऑफ बड़ौदा के क्रेडिट कार्ड बंद होने एवं नया कार्ड जारी कराने का झांसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके अलावा आरोपी गूगल पर विभिन्न कंपनियों और बैंकों के फर्जी कस्टमर केयर नंबर अपलोड कर लोगों से संपर्क स्थापित करते थे।
एसपी ने बताया कि आरोपी लोगों को APK फाइल डाउनलोड करवाकर उनके मोबाइल और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल कर लेते थे। इसके बाद क्रेडिट कार्ड और बैंक खातों से अवैध निकासी कर साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपी महेन्द्र कुमार मंडल का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। वह साइबर अपराध थाना, जामताड़ा कांड संख्या 62/21 में भी आरोप पत्रित है।
छापेमारी दल में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के अलावा पुलिस पदाधिकारी अमृत कुमार राम, प्रशांत कुमार, साइबर थाना एवं रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।
एसपी शम्भू कुमार सिंह ने बताया कि जामताड़ा पुलिस साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। वर्ष 2026 में जनवरी माह से अब तक 75 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।