बाड़ीगोड़ा रेल फाटक पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, अंडरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर सड़क पर उतरे लोग

Spread the love

जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के बाड़ीगोड़ा रेल फाटक के पास रविवार को अंडरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश देखने को मिला। मुखिया सुनीता नाग और सामाजिक कार्यकर्ता मिथुन चक्रवर्ती के नेतृत्व में ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया और रेलवे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आंदोलन में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष शामिल हुए।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब तीन वर्ष पूर्व बाड़ीगोड़ा में अंडरब्रिज निर्माण का शिलान्यास किया गया था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इसके कारण बाड़ीगोड़ा और सालगझुरी क्षेत्र के लाखों लोगों को रोजाना रेल फाटक पर घंटों जाम और आवागमन की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि ट्रेन गुजरने के दौरान रेल फाटक लंबे समय तक बंद रहता है, जिससे स्कूली बच्चों, कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों और आपातकालीन मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण समस्या के समाधान के लिए पर्याप्त पहल नहीं की गई।
वहीं मुखिया सुनीता नाग ने चेतावनी दी कि यदि रेलवे प्रशासन जल्द अंडरब्रिज निर्माण कार्य शुरू नहीं करता है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल ग्रामीणों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग प्रशासन तक पहुंचाने की कोशिश की है। अब लोगों की निगाहें रेलवे प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *