बेलीबोधन घाट के पास हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, देसी पिस्तौल और जिंदा गोली बरामद

Spread the love

जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना पुलिस ने अवैध हथियार के साथ घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक लोडेड देसी पिस्तौल और एक जिंदा गोली बरामद की है। गिरफ्तार युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। शनिवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि सुबह करीब 5:30 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बेलीबोधन घाट, बिष्टुपुर के आसपास एक युवक हथियार लेकर घूम रहा है और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम दे सकता है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर बिष्टुपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने बेलीबोधन घाट क्षेत्र में पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान निहाल कुमार गुप्ता (19 वर्ष) के रूप में हुई। वह सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित महावीर नगर का रहने वाला है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक लोडेड देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लोगों में दहशत फैलाने और उन्हें डराने-धमकाने के उद्देश्य से हथियार रखता था। इस संबंध में बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 69/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और हथियार के स्रोत की भी जांच कर रही है। छापामारी अभियान में थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *