जमशेदपुर: डिमना स्थित रिजॉर्ट में छापेमारी से हड़कंप, ग्रामीणों ने लगाए अनैतिक गतिविधियों के आरोप

Spread the love

जमशेदपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां डिमना लेक के पीछे स्थित एक रिजॉर्ट रविवार को अचानक विवादों के घेरे में आ गया। स्थानीय ग्रामीणों ने कथित अनैतिक गतिविधियों का आरोप लगाते हुए वहां जमकर हंगामा किया। जमशेदपुर के डिमना लेक के पीछे बोड़ाम थाना क्षेत्र के गेरूआ गांव के पास स्थित लेक व्यू होटल एंड रिजॉर्ट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब स्थानीय ग्रामीणों ने छापेमारी कर दी। ग्रामीणों का आरोप है कि रिजॉर्ट में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही थीं। इसी सूचना के आधार पर ग्रामीण एकजुट होकर रिजॉर्ट पहुंचे और कमरों की तलाशी ली। इस दौरान तीन युवक और तीन युवतियों को पकड़ने का दावा किया गया, जिन्हें लेकर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई और मौके पर ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर बोड़ाम थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। हालांकि जब पुलिस युवक-युवतियों को अपने साथ ले जाने लगी, तो ग्रामीणों ने इसका विरोध किया और पहले लिखित कार्रवाई तथा रिजॉर्ट मालिक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। ग्रामीणों का आरोप है कि रिजॉर्ट अवैध गतिविधियों का अड्डा बन चुका है और यहां बाहरी लोगों का आना-जाना लगातार बना रहता है। वहीं पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *