
जमशेदपुर : पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद फैली हिंसा और लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जमशेदपुर के साकची गोलचक्कर पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस नेत्री मनजीत आनंद ने बताया कि उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद जिस तरह हिंसा, आगजनी और राजनीतिक प्रताड़ना की घटनाएं सामने आ रही हैं, वह लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और भाजपा देश में भय और तनाव का माहौल पैदा कर रही है, जबकि आम जनता सुरक्षा और शांति चाहती है।
मनजीत आनंद ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। चुनाव खत्म होने के बाद भी अगर लोग डर और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हैं, तो यह सरकारों की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने केंद्र सरकार से पश्चिम बंगाल की स्थिति पर गंभीरता से हस्तक्षेप करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर विरोध जताया। साकची गोलचक्कर पर कुछ देर के लिए माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंग गया। पुलिस प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहा और स्थिति पर नजर बनाए रखी।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि हिंसा की घटनाओं पर रोक नहीं लगी, तो पार्टी आने वाले दिनों में और बड़ा आंदोलन करेगी।