कदमा चेन स्नैचिंग कांड का खुलासा, तीन गिरफ्तार; पिघलाकर बनाई गईं सोने की अंगूठियां

Spread the love

कदमा में चेन स्नैचिंग कांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, पिघलाकर बनाई गई थी सोने की अंगूठियां
जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में महिला से सोने की चेन छिनतई मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो छिनतई करने वाले अपराधी और एक ज्वेलरी दुकानदार शामिल है, जिसने लूटी गई चेन को खरीदकर उसे पिघला दिया था।
सिटी sp ललित मीणा ने बताया कि2 मई 2026 को कदमा थाना अंतर्गत अनिल सुरपथ रोड पर स्कूटी सवार दो अज्ञात अपराधियों ने अनिता चौधरी के गले से सोने की चेन छिनकर फरार हो गए थे। घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।
पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर जांच करते हुए 6 मई को टाटा वर्कर्स यूनियन हाई स्कूल, कदमा के पास से दो अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्यपुर निवासी 26 वर्षीय प्रकाश पटेल तथा कदमा भाटिया बस्ती निवासी 25 वर्षीय प्रीतम सिंह उर्फ पोदो के रूप में हुई है।
पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि छिनतई की गई सोने की चेन को कदमा स्थित JP Jewellers के संचालक निखिल सोनी को 25 हजार रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने निखिल सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि निखिल सोनी ने चेन को पिघलाकर तीन सोने की अंगूठियों में बदल दिया था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 5 ग्राम वजन की तीन सोने की अंगूठियां, घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी तथा 15 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी प्रकाश पटेल का पूर्व में चोरी, गृहभेदन और आर्म्स एक्ट के मामलों में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए आरोपियों के अन्य आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *