जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में बड़ा हादसा टला, मुख्य द्वार का छज्जा गिरा

Spread the love

जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब मुख्य द्वार का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। यह छज्जा A ब्लॉक में जाने वाले मुख्य प्रवेश द्वार का हिस्सा था, जहां रोजाना बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं का आवागमन होता है।
घटना उस समय हुई जब कॉलेज में कक्षाएं चल रही थीं और परिसर में छात्रों की आवाजाही जारी थी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कई छात्र इस हादसे में बाल-बाल बच गए। छज्जा गिरने की तेज आवाज सुनते ही मौके पर मौजूद छात्र और कर्मचारी दहशत में आ गए और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, छज्जे की हालत पहले से ही जर्जर बताई जा रही थी, लेकिन समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। इस घटना ने कॉलेज प्रशासन की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हादसे के बाद कॉलेज प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहा है। साथ ही, अन्य भवनों की भी जांच कर सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।
फिलहाल, इस घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों में डर और नाराजगी का माहौल है। सभी ने कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और जर्जर हिस्सों की जल्द मरम्मत की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *