खूंटी में उग्रवादियों का तांडव: कर्रा में निर्माण कार्य पर हमला, मशीन फूंकी, गोलियों की गूंज से दहला इलाका

Spread the love

खूंटी जिले के कर्रा क्षेत्र में देर रात उग्रवादियों ने एक बार फिर दहशत फैलाने की कोशिश की। हथियारबंद उग्रवादियों ने निर्माण कार्य में लगी मशीन को आग के हवाले कर दिया और कई राउंड फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी। अचानक हुई इस वारदात से आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उग्रवादी देर रात मौके पर पहुंचे और पहले निर्माण स्थल को निशाना बनाते हुए मशीन में आग लगा दी। इसके बाद उन्होंने लगातार फायरिंग की, जिससे पूरा इलाका गोलियों की आवाज से गूंज उठा। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटनास्थल से प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (PLFI) के नाम का एक पर्चा भी बरामद हुआ है। पर्चे में संगठन के उग्रवादी अमृत होरो ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। उसने दावा किया है कि बिना संगठन से बातचीत किए निर्माण कार्य कराए जाने के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद एक बार फिर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं, वहीं स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *