
जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार सुबह एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान एक संदिग्ध कार से चार मवेशी बरामद किए गए, जबकि चालक पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार कमारगोड़ा चौक पर सुबह विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी बीच सफेद रंग की महिंद्रा XUV 7XO (JH05BT-0573) तेज रफ्तार में चेकिंग प्वाइंट की ओर आती दिखी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने वाहन की गति बढ़ा दी और मौके से भागने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत पीछा शुरू किया।
कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद डेमडुब्बी इलाके में चालक कार सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर तलाशी ली तो उसके भीतर चार गाय मिलीं। बताया जा रहा है कि मवेशियों को बेहद खराब स्थिति में वाहन में ठूंसकर रखा गया था। सभी मवेशियों को सुरक्षित निकालकर गौशाला भेज दिया गया।
कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि बरामद मवेशियों को कहां से लाया जा रहा था और कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जांच की जा रही है। वाहन को जब्त कर लिया गया है तथा रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक और चालक की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
शहर और आसपास के इलाकों में मवेशियों की तस्करी के ऐसे मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। बागबेड़ा, सोनारी और मरीन ड्राइव क्षेत्र में भी पूर्व में इस तरह की कार्रवाई हो चुकी है, जिसमें कई आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी।
