जमशेदपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: संदिग्ध युवक गिरफ्तार, देशी पिस्टल बरामद

Spread the love

जमशेदपुर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सिदगोड़ा थाना पुलिस ने 27-28 अप्रैल 2026 की रात विशेष छापेमारी अभियान चलाते हुए एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी मो. फैज अहमद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम रात में गश्त कर रही थी। इसी दौरान विद्यापति डीवीसी पावर ग्रिड के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखते ही वह दिशा बदलकर भागने का प्रयास करने लगा, जिससे उसकी गतिविधि और संदिग्ध हो गई।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक को रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम मुन्ना वर्मा उर्फ सन्नी वर्मा (30 वर्ष) बताया। तलाशी लेने पर उसके कमर के बाईं ओर से एक 7.65 बोर का देशी पिस्टल और एक लोहे का मैगजीन बरामद किया गया। आरोपी उक्त हथियार से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने मौके से ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में सिदगोड़ा थाना में आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पोटका थाना में पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *