
जमशेदपुर: मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित जीसू भवन के पास पेट्रोल पंप के समीप एक बड़ी लापरवाही ने गंभीर हादसे का रूप ले लिया। उड़ीसा नंबर (OR 16D 8787) की एक स्कॉर्पियो उस वक्त आग की चपेट में आ गई, जब उसकी छत पर रखकर पटाखे फोड़े जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पटाखों की चिंगारी से अचानक वाहन में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरी गाड़ी को अपनी गिरफ्त में ले लिया। कुछ ही पलों में स्कॉर्पियो धू-धू कर जलने लगी और अंततः पूरी तरह जलकर राख हो गई।
घटना पेट्रोल पंप के ठीक सामने होने के कारण स्थिति बेहद खतरनाक हो गई थी। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो यह पेट्रोल पंप तक फैलकर बड़ा हादसा बन सकता था।
हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए पेट्रोल पंप में मौजूद फायर एक्सटिंग्विशर और बालू का इस्तेमाल कर आग बुझाने की कोशिश की, जिससे स्थिति को नियंत्रित किया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
खबर लिखे जाने तक पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची थी। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बना रहा।
