जमशेदपुर में गांजा तस्करी का खुलासा, 4 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात गांजा तस्करी का एक मामला सामने आया है। खालसा क्लब के पास टाइगर मोबाइल की सतर्कता से पुलिस ने एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बागबेड़ा निवासी मनीष मुखी उर्फ बिट्टू मुखी के रूप में हुई है। उसके पास से करीब 4 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी गांजा बेचने की नीयत से खालसा क्लब के पास पहुंचा था। इसी दौरान उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देख स्थानीय लोगों ने टाइगर मोबाइल के जवान तबरेज को सूचना दी। सूचना मिलते ही तबरेज मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया।
पुलिस को देखते ही आरोपी बाइक से भागने लगा, लेकिन तबरेज ने उसका पीछा किया। कुछ दूरी पर आरोपी को रोकने की कोशिश के दौरान हल्की झड़प भी हुई, जिसमें जवान तबरेज को मामूली चोटें आईं। इसके बावजूद उन्होंने साहस दिखाते हुए आरोपी को काबू में कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि वह किस गिरोह या नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *