
जमशेदपुर: टेल्को थाना अंतर्गत नीलडीह ग्वाला बस्ती गायत्री नगर में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों के गहने और सोने- चांदी के जेवरात पर हाथ साफ किया है. बताया जाता है कि चोरो ने अवधेश सिंह के घर में धावा बोला और घर के सभी कमरों के ताले काटकर उसमें रखे आलमारी से करीब 15 से 20 लाख के सोने- चांदी के आभूषण ले उड़े. बताया जाता है कि अवधेश सिंह का परिवार पिछले 50 वर्षो से यहां रह रहा है. हाल के दिनों में उन्होंने नया मकान नामदा बस्ती में बनाया है. पिछले एक हफ्ते से परिवार नामदा बस्ती में रह रहा था मगर सामान यहीं था. घर पर एक भाई रह रहा था वह भी तीन दिन से एक शादी समारोह में हिस्सा लेने ससुराल गया था. इसी बीच चोरों ने अपना काम कर दिया. गुरुवार सुबह गाड़ी निकालने जब अवधेश सिंह का ड्राइवर आया तो उसने घर का ताला खुल पाया. अंदर प्रवेश करने पर किसी को नहीं देख उन्हें फोन किया जब वह यहां पहुंचे तो देखा कि सारे घरों के ताले टूटे हुए हैं और अलमारी में रखें जेवरात गायब हैं. पीड़ित परिवार ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. बता दे कि हाल के दिनों में शहर और आसपास के इलाकों में चोर बंद घरों को निशाना बना रहे हैं. इस घटना को भी उसी कड़ी से जोड़कर देखा जा सकता है.
