
जमशेदपुर के आसमान में उस समय हलचल मच गई जब बृहस्पतिवार को एक फाइटर जेट को शहर के ऊपर उड़ान भरते हुए देखा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह फाइटर विमान पश्चिम बंगाल के कालाकुंड एयर फोर्स क्षेत्र की ओर से आया प्रतीत हो रहा था और शहर के कई इलाकों में चक्कर लगाते हुए नजर आया।
बताया जा रहा है कि यह जेट सोनारी एयरपोर्ट के ऊपर से भी कई बार उड़ान भरता हुआ दिखाई दिया, जिसे देखकर स्थानीय लोगों में कौतूहल बढ़ गया। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन में इस दृश्य को कैद भी किया और सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया।
हालांकि इस संबंध में अब तक एयरपोर्ट अथॉरिटी या वायुसेना की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फाइटर जेट की मौजूदगी और उसकी उड़ान के उद्देश्य को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे नियमित सैन्य अभ्यास मान रहे हैं, तो कुछ इसे किसी विशेष ऑपरेशन से जोड़कर देख रहे हैं।
फिलहाल, जब तक संबंधित विभाग की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आती, तब तक यह घटना शहर में चर्चा और जिज्ञासा का केंद्र बनी हुई है।
