
बोकारो पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। चास थाना क्षेत्र के मालती लक्सजरिया सिटी के एन-ब्लॉक स्थित एक फ्लैट में छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि फ्लैट नंबर 101 में साइबर ठगी का काम चल रहा है। इसके बाद चास थाना प्रभारी प्रकाश मंडल के नेतृत्व में टीम का गठन कर छापेमारी की गई, जिसमें साइबर थाना की टीम भी शामिल रही।
छापेमारी के दौरान फ्लैट के अंदर चार युवक मोबाइल और लैपटॉप के जरिए ठगी करते पकड़े गए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे खुद को बैंक अधिकारी बनकर लोगों को कॉल करते थे और KYC अपडेट, ATM ब्लॉक या लोन दिलाने के नाम पर फर्जी APK फाइल इंस्टॉल कराते थे। इसके बाद व्हाट्सएप कॉल और स्क्रीन शेयरिंग के जरिए लोगों के बैंक डिटेल, OTP और अन्य संवेदनशील जानकारी हासिल कर उनके खातों से पैसे उड़ा लेते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले 3-4 महीनों से इस फ्लैट में रहकर ठगी कर रहे थे। सभी गिरफ्तार आरोपी जामताड़ा जिले के रहने वाले हैं, जो साइबर अपराध के लिए कुख्यात माना जाता है।
बरामदगी-
16 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और कई मोबाइल नंबरों से भरी डायरी जब्त की गई है।
इस मामले में चास थाना कांड संख्या 36/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
