
जमशेदपुर शहर के को-ऑपरेटिव कॉलेज मैदान में 11 और 12 अप्रैल को दो दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट ‘सरयू राय कप (सीजन-1)’ का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और मंगलवार को आधिकारिक रूप से पोस्टर व टी-शर्ट का विमोचन किया गया।
टूर्नामेंट के आयोजन में हेमंत पाठक, साहेब बागती और शंभु नाथ की अहम भूमिका है, जबकि स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट के ट्रस्टी आशुतोष राय इस आयोजन के संरक्षक हैं।
मीडिया से बातचीत के दौरान आशुतोष राय ने बताया कि इस टूर्नामेंट की योजना पिछले कई महीनों से बनाई जा रही थी, जिसे अब मूर्त रूप दिया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रत्येक टीम को 3500 रुपये की एंट्री फीस देनी होगी।
उन्होंने आगे बताया कि विजेता टीम को 31,000 रुपये और उपविजेता टीम को 21,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। टूर्नामेंट में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप नियम लागू होंगे और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए बाहरी अंपायरों की नियुक्ति की जाएगी।
इस प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों को ही भाग लेने का अवसर मिलेगा। सभी मैच 8-8 ओवर के होंगे, जबकि फाइनल मुकाबला 10 ओवर का खेला जाएगा।
इस अवसर पर धर्मेंद्र प्रसाद, पिंटू सिंह, करण सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।
