
जमशेदपुर बिष्टुपुर स्थित टाटा फुटबॉल एकेडमी के समीप एक महिला पर गर्म चाय उड़ेलकर हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस हमले में महिला बुरी तरह झुलस गई, जिसे आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला उक्त स्थान पर चाय बेचने का काम करती है। सोमवार शाम एक व्यक्ति उसकी दुकान पर चाय पीने पहुंचा। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर उस व्यक्ति ने महिला पर खौलती चाय उड़ेल दी।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और आरोपित की तलाश के साथ घटना की जांच की जा रही है।
