जमशेदपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मानगो बस स्टैंड से 26 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

जमशेदपुर पुलिस को नशे के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। सीतारामडेरा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मानगो बस स्टैंड के पास से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से भारी मात्रा में गांजा, नकद रुपये और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार ये लोग गांजा खरीदकर बिहार और पश्चिम बंगाल ले जाने की फिराक में थे। मामला सीतारामडेरा थाना क्षेत्र का है जहां 14 मार्च को सुबह करीब 3 बजकर 35 मिनट पर पुलिस को सूचना मिली कि मानगो बस स्टैंड गेट नंबर-5 के पास दो युवक शौचालय के पास गांजा खरीदने और उसे बिहार व पश्चिम बंगाल ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया और मौके पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिम बंगाल के नदिया जिला निवासी विश्वजीत विश्वास और बिहार के नवादा जिला निवासी मो. ताबिज शामिल हैं। तलाशी के दौरान विश्वजीत विश्वास के पास से करीब 17 किलो गांजा, 5 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। वहीं मो. ताबिज के पास से करीब 9 किलो गांजा, 1800 रुपये नकद और मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामला दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध कारोबार गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *