प्रेम विवाह के बाद बढ़ा वैवाहिक विवाद, युवक ने फंदे से लटककर दी जान


जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र के रामजन्मनगर में एक 23 वर्षीय युवक ने कथित रूप से फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान संजय तांडी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार संजय तांडी ने करीब तीन-चार माह पूर्व सोनारी निवासी एक युवती से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों कदमा में रह रहे थे, लेकिन पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जाता है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार अनबन हुई और संजय की पत्नी सोमा कर्मकार कई बार घर छोड़कर चली जाती थी।
परिजनों का कहना है कि तीन-चार दिन पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी घर छोड़कर चली गई और वापस नहीं लौटी। बताया जा रहा है कि वह डिमना क्षेत्र के किसी हॉस्टल में रह रही थी। संजय लगातार उससे संपर्क करने और समझाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन उसे सफलता नहीं मिल रही थी। इसी बात को लेकर वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।
परिजनों के मुताबिक संजय को अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करने का संदेह था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। इस कारण वह तनाव में रहने लगा था। देर रात करीब एक बजे उसने अपने घर में पंखे से रस्सी के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *