जमशेदपुर में ट्यूशन टीचर की हैवानियत: कम नंबर पर बच्चों की बेरहमी से पिटाई, बच्ची की उंगली फ्रैक्चर

Spread the love

जमशेदपुर जुगसलाई थाना क्षेत्र में शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ एक निजी ट्यूशन टीचर ने कम नंबर आने पर दो मासूम बच्चों की इतनी बेरहमी से पिटाई की कि एक बच्ची की उंगली फ्रैक्चर हो गई और दोनों के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जुगसलाई निवासी तैयबा के दो बच्चे, गुलाम गौश और मायरा फिरदौस (दोनों बेलडीह चर्च स्कूल के छात्र), स्थानीय शिक्षक प्रभास के पास ट्यूशन पढ़ने जाते थे। सोमवार को परीक्षा का परिणाम आया था। मंगलवार को जब बच्चे अपना रिजल्ट लेकर शिक्षक के पास पहुंचे, तो कम मार्क्स देखकर शिक्षक इस कदर आक्रोशित हुआ कि उसने बच्चों को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

बच्चों की मासी तैयबा ने बताया कि जब वह शाम को बच्चों को ट्यूशन से लेने पहुंचीं, तो उनका बेटा डर के मारे शिक्षक को धक्का देकर उनके पास भागते हुए पहुंचा। घर जाकर देखा तो बच्चों के शरीर पर पिटाई के गहरे निशान थे और बेटी की उंगली टूट चुकी थी। इफ्तार के समय बच्चों की यह हालत देख परिजनों के होश उड़ गए।

घटना के बाद पीड़ित परिजनों ने जुगसलाई थाना पहुंचकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत बच्चों का प्राथमिक इलाज करवाया। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है और आरोपी शिक्षक को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी हैं। फिलहाल परिजन बच्चों को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *