जमशेदपुर में ‘चटनी डॉन’ गिरफ्तार: तड़ीपार के बावजूद घर में छिपकर रह रही थी कुख्यात प्रिया सिंह

Spread the love

जमशेदपुर के सोनारी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तड़ीपार घोषित कुख्यात अपराधी प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन को गिरफ्तार किया है. आरोपी जिला निष्कासन आदेश के बावजूद चोरी-छिपे अपने पैतृक घर में रह रही थी. सिटी एसपी कुमार शिवाशीश ने बताया कि 10 मार्च की रात करीब 10 बजे सूचना मिली थी कि सोनारी थाना क्षेत्र के ग्वाला बस्ती स्थित सुनील सिंह के घर में कुछ अपराधी इकट्ठा होकर किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं. सूचना के आधार पर सोनारी थाना में सनहा दर्ज कर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई. पुलिस टीम ने मध्यरात्रि में ग्वाला बस्ती इलाके में छापेमारी की. हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले वहां मौजूद संदिग्ध लोग फरार हो गए. लेकिन सुनील सिंह के घर की तलाशी के दौरान कुख्यात अपराधी प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में आरोपी किसी प्रकार का वैध अनुमति पत्र नहीं दिखा सकी और स्वीकार किया कि जिला निष्कासन के बावजूद वह सोनारी थाना क्षेत्र में अपने घर में रह रही थी. सिटी एसपी ने बताया कि झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम 2002 के तहत जिला निष्कासन आदेश का उल्लंघन करना संज्ञेय और दंडनीय अपराध है. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन ग्वाला बस्ती, सोनारी की रहने वाली है. उसके खिलाफ पहले से ही सोनारी थाना में रंगदारी, मारपीट, लूट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. उधर गिरफ़्तारी के बाद चटनी डॉन ने पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में जमकर हंगामा किया और गाली गलौज करने लगी. किसी तरह से पुलिस कर्मियों ने चटनी डॉन को वश में किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *