जमशेदपुर अपहरण कांड: कैरव गांधी मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 और आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

बिष्टुपुर थाना अंतर्गत सीएच एरिया से युवा उद्यमी कैरव गांधी के अपहरण मामले में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने गिरोह से जुड़े पांच और अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही इस कांड में अब तक कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.
सीनियर एसपी पीयूष पांडे ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हैं. उल्लेखनीय है कि 13 जनवरी 2026 को 24 वर्षीय कैरव गांधी का रहस्यमयी तरीके से अपहरण कर लिया गया था. करीब 13 दिन बाद पुलिस ने नाटकीय कार्रवाई करते हुए उन्हें सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया था और छह आरोपियों को गिरफ्तार कर 30 जनवरी को न्यायिक हिरासत में भेजा था.
जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर झारखंड, बिहार, पंजाब, दिल्ली और पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर अन्य आरोपियों को दबोचा. जांच में खुलासा हुआ कि साजिशकर्ता छह माह पूर्व जमशेदपुर आकर रह रहे थे और अपहृत की रेकी कर रहे थे. आरोपियों ने पुलिस वर्दी पहनकर वारदात को अंजाम दिया और स्कॉर्पियो से कैरव गांधी को चांडिल, रांची होते हुए डोभी ले जाया गया. बाद में उन्हें गया जिले के एक गांव में छिपाकर रखा गया था.
गिरफ्तार आरोपियों में गुड्डू सिंह, उपेंद्र सिंह, अर्जुन सिंह उर्फ आर्यन, मो. इमरान आलम उर्फ आमिर, रमीज राजा, मोहन कुमार प्रसाद, मनप्रीत सिंह सेखों, अमरिंदर सिंह उर्फ करतार सिंह, गुरदीत शेर सिंह, संतोष कुमार उर्फ संतोष विल्लेन और राजकरण यादव शामिल हैं. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.
पुलिस के अनुसार कुछ आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *