
जमशेदपुर टाटानगर रेलवे स्टेशन के विकास कार्य को लेकर रेलवे प्रशासन ने गुरुवार को एक बार फिर अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू कर दिया. स्टेशन चौक से कीताडीह रोड तक स्थित दुकानों को हटाने के लिए रेलवे ने तीन बुलडोजर लगाए गए थे. हालांकि संभावित कार्रवाई को देखते हुए अधिकांश दुकानदारों ने पहले ही अपनी दुकानें खाली कर दी थीं. इस कारण रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग को दुकानों की दीवार और छत तोड़ने में अधिक परेशानी नहीं हुई. सूत्रों के अनुसार, स्टेशन रोड के बाद खासमहल रोड क्षेत्र में भी देर शाम तक करीब पांच दुकानों को तोड़ने की कार्रवाई जारी रहेगी. रेलवे प्रशासन का कहना है कि स्टेशन क्षेत्र के समग्र विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए जमीन खाली कराना जरूरी है. दुकानों को तोड़े जाने के दौरान किसी प्रकार के हंगामे की आशंका को देखते हुए दंडाधिकारी की मौजूदगी में तीन दर्जन से अधिक पुलिस जवानों को तैनात किया गया है. हालांकि अब तक स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही है. बताया जाता है कि प्रभावित दुकानदारों ने इस कार्रवाई के खिलाफ उच्च न्यायालय का भी रुख किया था. बावजूद इसके, रेलवे की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के तहत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है.
